राज्यपाल को ईआरओ द्वारा उपलब्ध कराए गए गणना फॉर्म
देहरादून : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार उत्तराखण्ड में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम प्रारम्भ हो गया है। इसी क्रम में सोमवार से नैनीताल जनपद के सभी मतदाताओं को घर-घर जाकर गणना फॉर्म वितरित करने का कार्य शुरू कर दिया गया है। इस अभियान की औपचारिक शुरुआत लोक भवन, नैनीताल में हुई, जहाँ ईआरओ द्वारा राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) को गणना फॉर्म उपलब्ध कराया गया। इस अवसर पर अधिकारियों ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत बीएलओ द्वारा प्रत्येक मतदाता के घर जाकर गणना फॉर्म वितरित किए जाएंगे तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार मतदाता विवरणों का सत्यापन एवं अद्यतन कार्य किया जाएगा। यह अभियान निर्वाचन नामावली को अधिक शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, जिससे सभी पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित किया जा सके। इस अवसर पर कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत, अपर सचिव रीना जोशी, अपर जिलाधिकारी विवेक राय, उप जिलाधिकारी नवाजिश खालिक मौजूद रहे।
0 21 1 minute read




