उत्तराखंडदेहरादून

चार लाख की स्मैक के साथ महिला तस्कर गिरफ्तार

देहरादून: नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पटेलनगर पुलिस ने एक महिला को स्मैक तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 14.11 ग्राम अवैध स्मैक और 78,800 रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत चार लाख रुपये से अधिक बताई गई है। पुलिस के मुताबिक, महिला नशे के आदी स्थानीय लोगों को स्मैक बेचकर मुनाफा कमाने की फिराक में थी।पुलिस के मुताबिक, 27 अक्टूबर को पटेलनगर कोतवाली की टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने आसमीन खातून (28), निवासी मेहूंवाला माफी, पटेलनगर को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से 14.11 ग्राम स्मैक और 78,800 रुपये नकद बरामद हुए। इस मामले में पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी महिला ने कथित तौर पर बताया कि वह जल्द पैसा कमाने के लालच में अपने पति मोहसिन के साथ स्मैक की तस्करी में शामिल हो गई थी। पुलिस के मुताबिक, उसका पति सहारनपुर समेत अन्य स्थानों से सस्ते दामों पर स्मैक खरीदकर लाता था। इसके बाद दोनों देहरादून में नशे के आदी स्थानीय लोगों को थोड़ी-थोड़ी मात्रा में स्मैक ऊंचे दामों पर बेचते थे।
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तारी के दिन भी महिला स्मैक बेचने के लिए आई थी। पूछताछ में सामने आया कि बरामद नकदी का कुछ हिस्सा स्मैक बेचकर प्राप्त किया गया था।
पति की तलाश में जुटी पुलिस। मामले की जांच के दौरान महिला के पति मोहसिन का नाम सामने आया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस मामले में नशा तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button