देहरादून। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने मसूरी विधानसभा क्षेत्र के वार्ड 8 सालावाला स्थित बृजलोक कॉलोनी में आरसीसी नाला एवं स्लैब निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया। इस दौरान क्षेत्रवासियों ने कैबिनेट मंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया तथा क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों पर प्रसन्नता व्यक्त की।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी आज भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आहवान पर इलैक्ट्रिक स्कूटर से कार्यक्रम में पहुंचे। उन्होंने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार जनता की मूलभूत समस्याओं के समाधान एवं आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। बरसात के दौरान जलभराव एवं जल निकासी की समस्या को देखते हुए इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृत कराया गया है। उन्होंने कहा कि आरसीसी नाला एवं स्लैब निर्माण से क्षेत्र में जल निकासी व्यवस्था बेहतर होगी तथा स्थानीय निवासियों को आवागमन में भी राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री घोषणा के तहत सिंचाई विभाग के माध्यम से बृजलों कालोनी में अवशेष नाला पुर्ननिर्माण का कार्य का प्राक्कलन पर स्वीकृति की कार्यवाही गतिमान है, जिसका आंगणन रुपये 441 लाख का है।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि मसूरी विधानसभा क्षेत्र में सड़क, पेयजल, सीवरेज, विद्युत एवं अन्य जनसुविधाओं से जुड़े कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण किया जाए, ताकि जनता को शीघ्र लाभ मिल सके।
इस अवसर पर मेयर सौरभ थपलियाल ने कहा कि नगर निगम द्वारा शहर के विभिन्न वार्डों में जनहित के कार्य निरंतर किए जा रहे हैं और स्थानीय जनता की समस्याओं के समाधान के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्य किया जा रहा है। पार्षद भूपेंद्र कठैत ने क्षेत्र में विकास कार्यों की स्वीकृति पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और मेयर का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में सालावाला पार्षद भूपेंद्र कठैत, नगर निगम के ईई रजित कोठियाल, डीपी बहुगुणा, कालूराम खत्री, रवि वर्मा, दयाराम थपलियाल, वीरेन्द्र, जगदीश भट्ट, दलवीर चौधरी सहित सैकड़ों कालानीवासी उपस्थित रहे।




