हिमाचल से लौट रही बोलेरो कार कालसी कोटी रोड पर खाई में गिरी
मृतक और घायल नेपाली मूल के, मजदूरी का काम पूरा कर लौट रहे थे
देहरादून: कालसी कोटी रोड पर गहरी खाई में बोलेरो कार गिरने से दो साल की मासूम बच्ची समेत दो की मौत हो गई। जबकि इस हादसे में पांच लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस ने स्थानीय लोगों के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर घायलों को हॉस्पिटल पहुंचाया। ये हादसा उस समय हुआ जब नेपाली मूल के रहने वाले ये लोग हिमाचल से लौट रहे थे।
एसडीआरएफ की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक कोटी रोड पर धमोग मंदिर के पास बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरने की जानकारी मिली थी। इस दुर्घटना की सूचना मिलने पर एसडीआरएफ टीम अपर उपनिरीक्षक सुरेश तोमर के नेतृत्व में टीम घटनास्थल के लिए रवाना की गई। घटनास्थल पर पहुंचने पर पता चला कि वाहन संख्या एचपी 01ए 8028 (बोलेरो) रोहड़ू, हिमाचल प्रदेश से विकासनगर की ओर जा रहा था। धमोग मंदिर के पास अनियंत्रित होकर सड़क से लगभग 15 मीटर नीचे खाई में गिर गया। वाहन में कुल 07 व्यक्ति सवार थे। कालसी पुलिस की टीम ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाते हुए सभी 07 व्यक्तियों को खाई से बाहर निकाला। इनमें से 05 व्यक्ति घायल अवस्था में मिले। जिन्हें 108 एम्बुलेंस के माध्यम से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कालसी भेजा गया। वहीं, दुर्घटना में 02 व्यक्तियों की मृत्यु हो गई। बताया कि इस हादसे में चमन लाल (45 वर्ष), निवासी ग्यारी, थाना चड़गांव शिमला, हिमाचल प्रदेश (चालक), डम्मल (32 वर्ष), निशा (14 वर्ष), उर्मिला (30 वर्ष), प्रदीप (05 वर्ष), निवासी ढकारी, अछाम, नेपाल घायल है। जबकि, नरबहादुर (लगभग 52 वर्ष), और राधिका (02 वर्ष) निवासी ढकारी अछाम, नेपाल की मौत हो गई। बताया गया है कि वाहन में दो अलग अगल परिवार सवार थे।
रस्सी की मदद से गहरी खाई में उतरकर रेस्क्यू
बताया गया है कि जहां पर हादसा हुआ वहां पर गहरी खाई थी। मुश्किल परिस्थितियों में रेस्क्यू के कार्यों में जुटी टीमों ने रस्सियों और अन्य उपकरणों की मदद से खाई में उतर कर वाहन में फंसे लोगों को रेस्क्यू किया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। बताया गया है कि हादसा उस समय हुआ जब बोलेरो हिमाचल से लौट रहे थे। हिमाचल प्रदेश में मजदूरी का काम पूरा होने के बाद लौट रहे थे। इसी दौरान हरिपुर-कोटी-मीनस मोटर मार्ग पर धमोग मंदिर से पहले दुर्घटना हो गई। प्रथम दृष्टया चालक को झपकी आना हादसे का कारण बताया गया है, हालांकि जांच जारी है।




