उत्तराखंडदेहरादून

सोमेश्वर की जनता मांग रही 210 करोड़ रुपये की संपत्ति का हिसाब: डॉ. अजय पाल

मंत्री के पति के आरोपों पर विजिलेंस जांच की मांग
विपक्ष पर कार्रवाई करने वाली एजेंसियों की चुप्पी पर उठाए सवाल

सोमेश्वर/अल्मोड़ा। सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के दावेदार डॉ. अजय पाल ने कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या और उनके विभागों में भ्रष्टाचार को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि मंत्री के पति और कारोबारी गिरधारी लाल साहू की ओर से हाल ही में जारी वीडियो में 210 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति को लेकर लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि जब मंत्री के परिवार से जुड़े व्यक्ति ही इतने गंभीर आरोप लगा रहे हैं, तो सरकार और जांच एजेंसियां अब तक कार्रवाई के लिए आगे क्यों नहीं आईं?

डॉ. अजय पाल ने कहा कि सोमेश्वर की जनता अब इन आरोपों का जवाब चाहती है। मंत्री के विभागों में कथित भ्रष्टाचार और विधानसभा क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों में गड़बड़ी के आरोपों की स्वतंत्र जांच होनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि विजिलेंस पूरे मामले की जांच करे और यदि आरोपों में सच्चाई मिलती है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

कांग्रेस नेता ने केंद्रीय जांच एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेताओं के खिलाफ कार्रवाई और छापेमारी के मामलों में सक्रिय दिखाई देने वाली एजेंसियां अब कहां हैं? जब सत्तारूढ़ दल की एक मंत्री से जुड़े मामले में 210 करोड़ रुपये की कथित अवैध संपत्ति का आरोप सामने आया है, तो जांच में देरी क्यों हो रही है? क्या कानून और जांच की प्रक्रिया सत्ता पक्ष तथा विपक्ष के लिए अलग-अलग है?

डॉ. अजय पाल ने भाजपा सरकार की भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई के दावे करते हैं। ऐसे में इस मामले में भी निष्पक्ष जांच कराकर उन दावों को जमीन पर साबित करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि सोमेश्वर की जनता को आरोप-प्रत्यारोप नहीं, बल्कि सच्चाई सामने आने का इंतजार है। सरकार को चाहिए कि वह पूरे प्रकरण की जांच कराए, ताकि जनता के सामने वास्तविक तथ्य आएं और किसी भी दोषी को राजनीतिक संरक्षण न मिल सके।

210 करोड़ के आरोपों पर हिसाब मांग रही जनता, आज सोमेश्वर में भ्रष्टाचार विरोधी जुलूस

सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र में कथित भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच की मांग को लेकर स्थानीय लोगों के आंदोलन की तैयारी हो गई है। डॉ अजय पाल ने बताया कि मंगलवार 20 अक्टूबर को सोमेश्वर मुख्य बाजार में भ्रष्टाचार विरोधी जुलूस निकाला जाएगा। इस जुलूस में हजारों की संख्या महिला पुरुष शामिल होंगे।

स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र के कई गांव आज भी सड़क, बिजली, पानी और स्कूल जैसी बुनियादी सुविधाओं की समस्याओं से जूझ रहे हैं। ऐसे में यदि 210 करोड़ रुपये की कथित अवैध संपत्ति को लेकर इतने गंभीर आरोप सामने आए हैं, तो उनकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

क्षेत्र के लोगों का कहना है कि विकास के लिए मिलने वाले बजट और जनता के अधिकारों से जुड़े सवालों का जवाब मिलना जरूरी है। यदि जनता के हक और विकास कार्यों में किसी तरह की गड़बड़ी करके संपत्ति अर्जित करने के आरोप सही पाए जाते हैं, तो इसकी जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। लोगों ने मांग उठाई कि सरकार और विजिलेंस पूरे मामले की जांच कर वास्तविकता सामने लाएं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button