नगर निगम के 100 वार्डों में लगाए जाएंगे लगभग 4000 आधुनिक स्ट्रीट लाइट पोल, शहर होगा और अधिक सुरक्षित व रोशन
देहरादून। शहर को बेहतर प्रकाश व्यवस्था एवं सुरक्षित वातावरण प्रदान करने की दिशा में आज नगर निगम देहरादून परिसर में नवीन स्ट्रीट लाइट पोल का भव्य अनावरण मेयर सौरभ थपलियाल के करकमलों द्वारा पार्षदगणों संग किया गया। नगर निगम द्वारा शहर के समस्त 100 वार्डों में लगभग 4000 आधुनिक स्ट्रीट लाइट पोल लगाए जाने का व्यापक कार्य प्रारंभ किया जा रहा है, जिससे विभिन्न क्षेत्रों में लंबे समय से बनी अंधेरे की समस्या का प्रभावी समाधान हो सकेगा। इस अवसर पर मेयर सौरभ थपलियाल ने कहा कि नगर निगम देहरादून शहर को स्वच्छ, सुंदर, सुरक्षित एवं सुविधायुक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि बेहतर स्ट्रीट लाइट व्यवस्था न केवल शहर की सुंदरता को बढ़ाएगी, बल्कि रात्रि के समय आमजन, महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा को भी मजबूत करेगी। नई प्रकाश व्यवस्था से लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा दुर्घटनाओं एवं असामाजिक गतिविधियों पर भी नियंत्रण लगाने में सहायता प्राप्त होगी। मेयर थपलियाल ने कहा कि नगर निगम का लक्ष्य प्रत्येक वार्ड तक समान रूप से मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना है और इसी उद्देश्य के तहत यह महत्वपूर्ण योजना धरातल पर उतारी जा रही है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी वार्डों में स्ट्रीट लाइट पोल लगाने का कार्य गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ पूर्ण किया जाए, ताकि शहरवासियों को शीघ्र इसका लाभ मिल सके। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने नगर निगम की इस पहल की सराहना करते हुए इसे शहर के विकास एवं नागरिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। इस अवसर पर पार्षदगण, नगर निगम के अधिकारीगण एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।




