उत्तराखंडदेहरादून

2013 डबल मर्डर केस, उत्तराखंड हाईकोर्ट ने उम्रकैद की सजा काट रहे दो दोषियों को किया बरी

नैनीताल। उत्तराखंड हाईकोर्ट ने साल 2013 के एक दोहरे हत्याकांड मामले में अहम फैसला सुनाते हुए निचली अदालत से उम्रकैद की सजा पाए वजीर और अब्दुल गनी को संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया। कोर्ट ने कहा कि अभियोजन पक्ष आरोपियों के खिलाफ आरोपों को संदेह से परे साबित करने में पूरी तरह विफल रहा। साथ ही सह-आरोपी लियाकत और जफर को निचली अदालत ने जो बरी किया करने का आदेश दिया था, उसको भी हाईकोर्ट ने बरकरार रखा।
यह फैसला न्यायमूर्ति रविंद्र मैठाणी और न्यायमूर्ति सिद्धार्थ साह की खंडपीठ ने सुनाया। कोर्ट ने वजीर, अब्दुल गनी, यूसुफ, और लियाकत की अपीलो पर एक साथ सुनवाई की। लियाकत और युसफ को निचली अदालत ने बरी करने के आदेश को सरकार ने अपील दायर कर चुनौती दी थी।
2013 में हुआ था डबल मर्डर
मामले के अनुसार 7 नवंबर 2013 को यूसुफ की 15 वर्षीय बेटी खतीजा रात में अपने घर से लापता हो गई थी। बाद में उसकी और सजिद नामक युवक की अस्थियां बरामद हुई थीं। अभियोजन के अनुसार वजीर और अब्दुल गनी की निशानदेही पर दोनों के कंकाल बरामद किए गए थे। मामले की जांच के बाद दोनों के खिलाफ हत्या, साक्ष्य मिटाने और मृतक की संपत्ति से संबंधित अपराधों में आरोप पत्र दाखिल किया गया था।
निचली अदलात ने सुनाई थी उम्र कैद की सजा
हरिद्वार की तृतीय अपर सत्र अदालत ने 14 जून 2022 को वजीर और अब्दुल गनी को आईपीसी की धारा 302, 201 और 404 के तहत दोषी ठहराते हुए धारा 302 में उम्रकैद और 10 हजार रुपये जुर्माने व धारा 201 और 404 में तीन-तीन वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई थी। वहीं लियाकत और जफर को आरोपों से बरी कर दिया गया था।
हाईकोर्ट ने मामले में अभियोजन के सबसे महत्वपूर्ण साक्ष्य यानी कंकालों की बरामदगी को लेकर गवाहों के बयानों में गंभीर विरोधाभास पाया। यूसुफ, कासिम और रियासत अली ने कहा कि कंकालों की बरामदगी वजीर-अब्दुल गनी के साथ लियाकत और जफर की मौजूदगी में हुई थी। इसके विपरीत पुलिस अधिकारियों ने बयान दिया कि बरामदगी केवल वजीर और अब्दुल गनी की निशानदेही पर हुई। लियाकत और जफर वहां मौजूद नहीं थे।
हाईकोर्ट में आरोपियों का पक्ष
कोर्ट ने यह भी महत्वपूर्ण माना कि जिस स्थान से कंकाल बरामद हुए, वह खुला और सभी के लिए सुलभ स्थान था, जो बदरीनाथ हाईवे से करीब 50 से 100 मीटर की दूरी पर था। यूसुफ के अनुसार उनके वहां पहुंचने से पहले ही भीड़, पुलिसकर्मी और फोटोग्राफर मौजूद थे। इसके विपरीत पुलिस गवाहों ने कहा कि मौके पर कोई अन्य व्यक्ति नहीं था। हाईकोर्ट ने इन विरोधाभासों को बरामदगी की विश्वसनीयता के लिए गंभीर माना।
कोर्ट का बयान
खंडपीठ ने कहा कि पुलिस के समक्ष आरोपी के कथित बयान का वही हिस्सा साक्ष्य के रूप में स्वीकार किया जा सकता है, जो उसकी सूचना के आधार पर किसी तथ्य की वास्तविक खोज से सीधे जुड़ा हो, लेकिन इस मामले में जिस जगह से कंकाल मिले, वह खुला और आम लोगों के लिए सुलभ था। साथ ही वहां पहले से भीड़ और पुलिस की मौजूदगी के संबंध में विरोधाभासी बयान थे। इसलिए अदालत ने बरामदगी को भारतीय साक्ष्य अधिनियम की धारा 27 के तहत विश्वसनीय बरामदगी नहीं माना।
कोर्ट ने गवाहों की गवाही को भरोसेमंद नहीं माना
अभियोजन ने लियाकत और जफर के खिलाफ लास्ट सीन सिद्धांत भी पेश किया था। गवाह इमाम हुसैन और शमशेर सिंह ने दावा किया था कि उन्होंने रात करीब 10ः11 बजे खतीजा और सजिद को लियाकत व जफर के साथ देखा था, लेकिन हाईकोर्ट ने गवाह के इस बयान पर सवाल उठाया कि रात में पीछे से देखने के बावजूद उसने आरोपियों की पहचान कैसे की? अदालत ने यह भी कहा कि यदि गवाह ने अगले दिन यूसुफ को यह बात बताई थी तो लियाकत और जफर के नाम गुमशुदगी की रिपोर्ट में होने चाहिए थे, जबकि ऐसा नहीं था। दोनों गवाहों की गवाही को कोर्ट ने भरोसेमंद नहीं माना।
मृतक के मोबाइल को भी कोर्ट ने पर्याप्त साक्ष्य नहीं माना
मृतक सजिद के मोबाइल फोन की बरामदगी को भी अदालत ने आरोपियों से जोड़ने वाला पर्याप्त साक्ष्य नहीं माना। कोर्ट ने कहा कि इस बात का कोई ठोस आधार नहीं है कि बरामद मोबाइल वास्तव में सजिद का ही था और इस साक्ष्य से किसी आरोपी को घटना से नहीं जोड़ा जा सकता।
हाईकोर्ट ने कहा कि यह मामला परिस्थितिजन्य साक्ष्य पर आधारित है और ऐसे मामलों में सभी परिस्थितियों की ऐसी पूरी कड़ी स्थापित होनी चाहिए, जिससे आरोपी के दोषी होने के अलावा कोई दूसरा निष्कर्ष संभव न हो। अदालत ने पाया कि अभियोजन ऐसी कड़ी स्थापित नहीं कर पाया।
नतीजतन कोर्ट ने वजीर और अब्दुल गनी को धारा 302, 201 और 404 आईपीसी के आरोपों से बरी करते हुए उनकी दोषसिद्धि और सजा रद्द कर दी। अदालत ने निर्देश दिया कि दोनों जेल में हैं तो किसी अन्य मामले में वांछित न होने की स्थिति में आवश्यक व्यक्तिगत मुचलका और दो जमानतदार प्रस्तुत करने के बाद उन्हें तत्काल रिहा किया जाए। वहीं लियाकत और जफर को बरी किए जाने का निचली अदालत का फैसला बरकरार रखा गया

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button