उत्तराखंडदेहरादून

दून में गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी, 1200 से 2600 रुपये तक बिक रहे सिलेंडर

  • ऑनलाइन बुकिंग ठप होने और कमी की अफवाहों से मची अफरा-तफरी
  • एजेंसियों पर लंबी कतारें
  • शहर के कई होटल, ढाबे और रेस्टोरेंट बंद
  • सिलेंडर के लिए एजेंसियों के चक्कर काट रहे लोग

देहरादून : राजधानी देहरादून में इन दिनों रसोई गैस सिलेंडरों को लेकर हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। सिलेंडर की कमी की अफवाहों के बीच शहर में गैस सिलेंडरों की खुलेआम कालाबाजारी की शिकायतें सामने आ रही हैं।
कई जगह एजेंसी की गाड़ियां घरों में अतिरिक्त रकम लेकर सिलेंडर दे रही हैं। करगी चौक निवासी गीता ने बताया कि उनके क्षेत्र में गैस सिलेंडर लेकर आने वाला एजेंसी का कर्मचारी बिना बुकिंग गैस सिलेंडर देने के लिए 1200 से 1500 रुपये तक मांग रहा है। वहीं एस्ले हॉल चौक के पास स्थित एक रेस्टोरेंट संचालक गौरव का कहना है कि कमर्शियल सिलेंडर मिल नहीं रहा है। एजेंसी के कर्मचारी कमर्शियल सिलेंडर ब्लैक में देने के लिए 2200 से 2600 रुपये ले रहे हैं।

उधर, ऑनलाइन गैस बुकिंग की वेबसाइट कई बार ठप होने से उपभोक्ताओं की परेशानी और बढ़ गई है। सिलेंडर न मिलने की आशंका के चलते लोग सीधे गैस एजेंसियों पर पहुंच रहे हैं, जहां सुबह से ही लंबी कतारें लग रही हैं।
शहर के पटेलनगर, प्रेमनगर, नेहरू कॉलोनी, रायपुर और आसपास के कई इलाकों में गैस एजेंसियों के बाहर उपभोक्ताओं की भारी भीड़ देखी जा रही है। कई लोग एक साथ दो-दो सिलेंडर लेने की कोशिश कर रहे हैं। इससे सामान्य उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर नहीं मिल पा रहा।
इस पूरे घटनाक्रम के बीच प्रशासन और तेल कंपनियों पर भी सवाल उठने लगे हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि यदि समय रहते कालाबाजारी पर सख्ती नहीं की गई तो आने वाले दिनों में हालात और बिगड़ सकते हैं।
तेल कंपनियों का दावा है कि सप्लाई सामान्य है और घबराने की जरूरत नहीं है।

शादियों के सीजन में बढ़ा संकट
शहर में इन दिनों शादियों का सीजन चल रहा है। ऐसे में गैस सिलेंडर न मिलने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। कई परिवारों को शादी समारोह की तैयारियों में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कैटरिंग और घरेलू इंतजाम के लिए बड़ी मात्रा में गैस की जरूरत होती है, लेकिन सिलेंडर की कमी से कार्यक्रम प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।

दून कई होटल-ढाबे बंद गैस सिलेंडर की किल्लत का असर शहर के छोटे होटल, ढाबों और रेस्टोरेंटों पर साफ दिखाई देने लगा है। कई जगह सिलेंडर खत्म होने के कारण होटल संचालकों को अस्थायी रूप से दुकानें बंद करनी पड़ी हैं। होटल मालिकों का कहना है कि वे एजेंसियों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन समय पर सिलेंडर नहीं मिल पा रहा।

लोग घरों में जमा कर रहे सिलेंडर
सिलेंडर खत्म होने की आशंका के चलते कई लोग जरूरत से ज्यादा गैस सिलेंडर घरों में जमा कर रहे हैं। इससे बाजार में कृत्रिम कमी पैदा हो रही है। एजेंसियों का कहना है कि कई उपभोक्ता एक साथ अतिरिक्त सिलेंडर लेने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे वितरण व्यवस्था प्रभावित हो रही है।

कालाबाजारी टोल फ्री नंबर पर करें कॉल
गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी की शिकायतों को देखते हुए इंडियन ऑयल ने उपभोक्ताओं के लिए टोल-फ्री नंबर 1800-2333-555 जारी किया है। इसके अलावा एलपीजी आपातकालीन हेल्पलाइन 1906 पर भी शिकायत की जा सकती है। कंपनी ने लोगों से अपील की है कि यदि कहीं अधिक कीमत पर सिलेंडर बेचे जाने या कालाबाजारी की जानकारी मिले तो तुरंत शिकायत दर्ज कराएं, ताकि संबंधित एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button