उत्तराखंडदेहरादून

सरोवर नगरी में उमड़ा पर्यटकों का सैलाब

नैनीताल में बनी जाम की स्थिति
नैनीताल । मैदानी इलाकों में पड़ रही भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए पर्यटक बड़ी संख्या में सरोवर नगरी नैनीताल का रुख कर रहे हैं। वीकेंड शुरू होते ही नैनीताल सैलानियों से गुलजार हो गया है। नैनी झील में नौकायन से लेकर मालरोड की रौनक तक हर जगह पर्यटकों की भीड़ देखने को मिल रही है। होटल, रेस्टोरेंट और स्थानीय कारोबार में भी अच्छी तेजी आई है। वहीं ट्रैफिक का दबाव बढ़ने से पुलिस को व्यवस्था संभालने में मशक्कत करनी पड़ रही है।
पर्यटकों के नैनीताल पहुंचने से नैनीताल का पर्यटन कारोबार एक बार फिर रफ्तार पकड़ता नजर आया। शनिवार सुबह ही नगर के प्रमुख पर्यटन स्थलों नैनी झील, मालरोड, स्नोव्यू, टिफिन टॉप, केव गार्डन और हिमालय दर्शन प्वाइंट पर पर्यटकों की अच्छी-खासी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही नैनी झील में नौकायन के लिए लंबी कतारें लगी रहीं, जबकि मालरोड पर कदम रखने तक की जगह कम पड़ने लगी। होटल और गेस्ट हाउस संचालकों के अनुसार इस वीकेंड पर अधिकांश होटल करीब 70 प्रतिशत तक भर चुके हैं।
रेस्टोरेंट, कैफे, टैक्सी कारोबार और स्थानीय हस्तशिल्प की दुकानों पर भी ग्राहकों की अच्छी आवाजाही रही। कारोबारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में पर्यटकों की संख्या और बढ़ने की उम्मीद है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश और अन्य मैदानी राज्यों में बढ़ती गर्मी लोगों को पहाड़ों की ओर खींच रही है।
वहीं हाल ही में नीट परीक्षा समाप्त होने के बाद भी बड़ी संख्या में परिवार बच्चों के साथ घूमने के लिए नैनीताल पहुंच रहे हैं। गुलाबी ठंड, हल्की धूप और साफ मौसम पर्यटकों को खासा आकर्षित कर रहा है। पर्यटकों की बढ़ती संख्या के चलते शहर में ट्रैफिक का दबाव भी बढ़ गया है। खासकर मालरोड और नगर के प्रवेश मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय पुलिस लगातार व्यवस्था बनाए रखने में जुटी रही। एसपी सिटी डॉक्टर जगदीश चंद्र ने बताया कि कैंची धाम जाने वाले भक्तों को शटल सेवा के माध्यम से धर्म तक भेजा जा रहा है। इसके अलावा नैनीताल में पार्किंग भर जाने के बाद पर्यटकों को शटल सेवा के माध्यम से शहर में भेजा जा रहा है। इसके अलावा जिन पर्यटकों की होटल में बुकिंग है, उन्हें सीधा शहर में भेजा जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button