उत्तराखंडदेहरादून

रुद्रप्रयाग-श्रीनगर नेशनल हाईवे पर सवारियों से भरा मैक्स वाहन पलटा

रुद्रप्रयाग । चारधाम यात्रा के बीच रुद्रप्रयाग-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग-07 पर शनिवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। रुद्रप्रयाग से लगभग चार किलोमीटर आगे श्रीनगर की ओर जा रहा एक मैक्स वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वाहन में कुल 8 यात्री और चालक समेत 9 लोग सवार थे। दुर्घटना में सभी यात्री घायल हुए हैं, जबकि वाहन चालक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाहन तेज मोड़ पर अचानक संतुलन खो बैठा और सड़क पर पलट गया। हादसे की आवाज सुनते ही आसपास के स्थानीय लोग मौके की ओर दौड़ पड़े और राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस एवं राहत-बचाव एजेंसियां तत्काल हरकत में आ गईं।
सुबह 10:07 बजे मिली सूचना, DEOC हुआ तत्काल सक्रिय: जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने जानकारी देते हुए बताया कि, आज 23 मई 2026 सुबह 10:07 बजे जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (DEOC) को दुर्घटना की सूचना मिली। सूचना मिलते ही प्रशासन ने बिना किसी देरी के आपदा राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। डीईओसी द्वारा तत्काल 108 एंबुलेंस सेवा, स्थानीय पुलिस, एसडीआरएफ और राहत-बचाव टीमों को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। प्रशासनिक टीमों ने बेहद कम समय में मौके पर पहुंचकर घायलों को वाहन से सुरक्षित बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार देते हुए जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग भेजा।

स्थानीय लोगों और रेस्क्यू टीमों ने दिखाई तत्परता
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए राहत कार्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस एवं रेस्क्यू टीमों ने समन्वय के साथ तेजी से कार्रवाई करते हुए घायलों को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया। दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे बाद में सुचारु कर दिया गया।

चालक की हालत गंभीर, बाकी यात्रियों को सामान्य चोटें
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटना में घायल 8 यात्रियों को सामान्य चोटें आई हैं, जबकि वाहन चालक गंभीर रूप से घायल हुआ है। जिला चिकित्सालय में चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है। सभी घायलों को आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

चारधाम यात्रा के बीच सड़क सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
चारधाम यात्रा सीजन के दौरान लगातार बढ़ते यातायात और पहाड़ी मार्गों पर हो रही दुर्घटनाओं ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने वाहन चालकों से सावधानी बरतने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और पहाड़ी मार्गों पर अतिरिक्त सतर्कता अपनाने की अपील की है।

आपात स्थिति से निपटने को पूरी तरह तैयार
जिला प्रशासन ने कहा कि पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर रखी जा रही है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। त्वरित समन्वय, समय पर राहत कार्य और प्रभावी चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button