देहरादून। राजधानी में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का खतरनाक ट्रेंड थमने का नाम नहीं ले रहा है। वीरवार रात एक बार फिर शहर के पॉश इलाके दिलाराम चौक से डीएल रोड और ओल्ड सर्वे रोड तक बेकाबू कार ने ऐसा कहर बरपाया कि कई लोग घायल हो गए और एक मकान की दीवार और लोहे का गेट क्षतिग्रस्त हो गया। इस घटना ने शहर में सड़क सुरक्षा और पुलिस की चेकिंग व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के मुताबिक, तेज रफ्तार इनोवा कार जाखन की ओर से दिलाराम चौक पहुंची और वहां से डीएल रोड की ओर मुड़ी। इसी दौरान चालक ने तेज़ रफ़्तार इनोवा कर दौड़ाते हुए सबसे पहले एक टैक्सी को टक्कर मारी। इसके बाद कार ने एक ओला को जोरदार टक्कर मारी, जिससे उसमें सवार व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ओला स्कूटर के परखच्चे उड़ गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार चालक यहां भी नहीं रुका और तेज गति से भागता रहा। रास्ते में क्रॉस रोड के पास उसने एक बाइक को टक्कर मार दी, जिसमें सवार पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि दोनों अपने घर से महज 100 मीटर की दूरी पर थे। दोनों गंभीर रूप से घायल हुए और एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया।
चालक का कहर जारी रहा। कार को क्रॉस रोड मॉल की ओर दौड़ाते हुए वह एक मकान के गेट से जा टकराई। तेज रफ्तार का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि लोहे का गेट उखड़कर दूर जा गिरा और पिलर से बनी दीवार भी टूट गई। कार घर के आंगन में घुस गई और वहां खड़े अन्य वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। गनीमत रही कि उस समय आंगन में कोई मौजूद नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने चालक को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह मौके से फरार हो गया। हालांकि कुछ दूरी पर लोगों ने उसे दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि चालक नशे की हालत में था और बिना किसी परवाह के वाहनों को टक्कर मारते हुए भाग रहा था। इस घटना के बाद एक बार फिर यह सवाल उठ खड़ा हुआ है कि आखिर शहर में नशे में ड्राइविंग और ओवरस्पीडिंग पर लगाम क्यों नहीं लग पा रही है।
देहरादून में यह पहला मामला नहीं है। बीते कुछ समय में तेज रफ्तार और नशे में ड्राइविंग के कई मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें कई लोगों की जान तक जा चुकी है। बावजूद इसके, सख्त कार्रवाई और प्रभावी चेकिंग के दावों के बीच ऐसे हादसे थम नहीं रहे हैं।
शहर के प्रमुख चौराहों और पॉश इलाकों में भी अगर इस तरह की घटनाएं हो रही हैं, तो यह पुलिस की निगरानी और ट्रैफिक मैनेजमेंट पर सवाल खड़े करता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय न तो पर्याप्त चेकिंग होती है और न ही नशे में वाहन चलाने वालों पर सख्ती से कार्रवाई दिखाई देती है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत और आक्रोश दोनों का माहौल है। लोगों ने मांग की है कि शहर में रात के समय विशेष अभियान चलाकर नशे में ड्राइविंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही प्रमुख मार्गों पर स्पीड मॉनिटरिंग और पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने की जरूरत बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा था।
मामले में एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि इस हादसे में बाइक सवार पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए थे। जिनमें से पिता अनुज फिलिप्स की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा रोहित फिलिप्स घायल है। उसका उपचार जारी है। ओल्ड सर्वे रोड के निवासी बताए जा रहे हैं। वहीं, हादसे में एक तीसरा युवक राहुल भी घायल हुआ है, जो डीएल रोड का रहने वाला है।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार के अनुसार, मामले में आरोपी गुनीत सिंह निवासी इंदर रोड को हिरासत में ले लिया गया है। इसका देहरादून में कारोबार है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी शुगर (डायबिटीज) का मरीज है। पूछताछ में उसने बताया कि अचानक तबीयत बिगड़ने के कारण वह कार पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे यह हादसा हुआ।
हालांकि, पुलिस इस मामले को लेकर हर एंगल से जांच कर रही है। यह भी जांचा जा रहा है कि हादसे के समय आरोपी नशे में था या नहीं, और घटना के पीछे अन्य कोई कारण तो नहीं है। फिलहाल मामले में जांच और आगे की कार्रवाई जारी है।
0 22 3 minutes read




