देहरादून : रमजान माह के चौथे जुमे की नमाज शुक्रवार को देहरादून में पूरे अकीदत और एहतराम के साथ अदा की गई। शहर की विभिन्न मस्जिदों में सुबह से ही नमाजियों की भारी भीड़ देखने को मिली। जुमे की नमाज के लिए बड़ी संख्या में लोग मस्जिदों में पहुंचे और अल्लाह की इबादत में सिर झुकाया। जुमे की नमाज से पहले इमामों ने रमजान की अहमियत पर बयान देते हुए रोजेदारों को जकात और सदका-ए-फित्र अदा करने की अपील की। उन्होंने कहा कि रमजान का महीना इंसानियत, भाईचारे और जरूरतमंदों की मदद करने का संदेश देता है। इस दौरान लोगों से गरीब और असहाय लोगों की सहायता करने का आह्वान भी किया गया। नमाज के बाद देश-दुनिया में अमन-चैन, तरक्की और खुशहाली की दुआ की गई। साथ ही बीमार लोगों के जल्द स्वस्थ होने और समाज में भाईचारे व सौहार्द बने रहने की भी प्रार्थना की गई। जुमे की नमाज के मद्देनजर कई मस्जिदों के आसपास सुरक्षा और व्यवस्था के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे। नमाज के बाद लोग एक-दूसरे से गले मिलकर रमजान की मुबारकबाद देते नजर आए।
0 18 1 minute read



