चमोली ( प्रदीप लखेड़ा )
भराड़ीसैंण (गैरसैंण) में आयोजित होने वाले विधानसभा बजट सत्र के दृष्टिगत सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। इसी क्रम में आज सुरक्षा रिहर्सल के उपरांत अपर पुलिस महानिदेशक, अपराध एवं कानून व्यवस्था, उत्तराखण्ड डॉ. वी. मुरूगेशन महोदय द्वारा सत्र ड्यूटी में नियुक्त समस्त राजपत्रित अधिकारियों की डी-ब्रीफिंग ली गई।
डी-ब्रीफिंग के दौरान सभी सेक्टर प्रभारियों, जोनल अधिकारियों तथा ड्यूटी प्रभारियों से विस्तृत फीडबैक लिया गया तथा ड्यूटी के दौरान आने वाली संभावित चुनौतियों, व्यवस्थाओं एवं समन्वय से जुड़े बिंदुओं पर चर्चा की गई। प्राप्त सुझावों के आधार पर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इस दौरान यातायात व्यवस्था, बैरिकेडिंग, हेलीपैड सुरक्षा, पार्किंग प्रबंधन, रूट ड्यूटी, अग्निशमन व्यवस्था तथा आपातकालीन रिस्पॉन्स से संबंधित व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी टीमें आपसी समन्वय बनाए रखते हुए पूरी सतर्कता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें, ताकि विधानसभा सत्र का आयोजन शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हो सके।
सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए विधानसभा परिसर तथा आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल की व्यापक तैनाती की गई है। साथ ही आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए सीसीटीवी कैमरों एवं ड्रोन के माध्यम से चौबीसों घंटे निगरानी रखी जाएगी। संभावित विरोध-प्रदर्शन की स्थिति को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की भी व्यवस्था की गई है। इसके अतिरिक्त यातायात को सुचारू बनाए रखने तथा पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित करने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं, जिससे आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए गए कि किसी भी प्रकार की आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए सभी टीमें पूरी तरह सतर्क एवं तैयार रहें तथा आवश्यकता पड़ने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र श्री राजीव स्वरूप, पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार सहित सत्र ड्यूटी में नियुक्त समस्त राजपत्रित अधिकारी उपस्थित रहे।
0 18 1 minute read




